मंदसौर। शहर में अंधविश्वास के सहारे ठगी की एक चौंकाने वाली वारदात सामने आई है। अफीम गोदाम रोड स्थित जनपद पंचायत के सामने बदमाशों ने 60 वर्षीय महिला को झांसे में लेकर करीब ढाई तोले का मंगलसूत्र लूट लिया और फरार हो गए। पीड़िता पद्मावती चौहान पत्नी रसिख बिहारी चौहान मंदिर से पूजा कर लौट रही थीं। इसी दौरान दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें “भाग्यशाली” बताकर बातचीत में उलझाया और चमत्कार का झांसा दिया।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम-
आरोपियों ने महिला से 81 कदम चलने और “ओम” का जाप करने को कहा। साथ ही यह भी कहा कि उनकी समस्या गले में पहने मंगलसूत्र के कारण है। झांसे में आकर महिला ने मंगलसूत्र उतारकर लोटे में रख दिया। जैसे ही महिला आगे बढ़ी, आरोपी लोटा लेकर मौके से फरार हो गए।

पुलिस जांच में जुटी-
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अजनबियों के बहकावे में आकर किसी भी प्रकार की कीमती वस्तु न सौंपें।
