मंदसौर। शहर के बस स्टैंड क्षेत्र स्थित एक होटल में देर रात सब्जी के दाम को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। इस घटना में होटल संचालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, होटल संचालक प्रकाश राठौड़ और पंकज राठौर सगे भाई हैं और बस स्टैंड क्षेत्र में होटल का संचालन करते हैं। देर रात दो युवक, जिनमें उपेंद्र और उसका एक साथी शामिल था, होटल पर आए और सब्जी के दाम को लेकर विवाद करने लगे। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ने पर युवक वहां से चले गए।
ईंट-पत्थरों से किया हमला-
कुछ देर बाद दोनों युवक दोबारा लौटे और अपने साथ ईंटें लेकर आए। उन्होंने होटल पर ईंट-पत्थर फेंकना शुरू कर दिया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हमले में प्रकाश राठौड़ के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि पंकज राठौर के हाथ में चोट लगी। वहीं होटल में खाना खा रहे एक अन्य व्यक्ति को भी चोट पहुंची।
बीच-बचाव में भी मारपीट-
घटना के दौरान बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस झड़प में उमेन्द्र यादव (निवासी बालागंज, मंदसौर) भी घायल हो गया, जिसके सिर में आठ टांके आए हैं। घटना के बाद एक युवक मौके से फरार हो गया। घायलों को तुरंत जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
पुलिस जांच में जुटी-
सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस के अनुसार, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।