मंदसौर। जिले के अरनिया निजामुद्दीन गांव में शनिवार रात एक 18 वर्षीय युवक पर उसके ही रिश्तेदार ने तलवार से हमला कर दिया। घटना में युवक के हाथ पर गंभीर चोट आई है, जिसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल अर्जुन (18) पिता गिरधारी लाल पर हमला करने वाला उसका बड़ा पापा कारूलाल का बेटा राम सिंह बताया जा रहा है। घटना के समय आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में था।
बताया जा रहा है कि अर्जुन अपने घर के बाहर खड़ा था, तभी राम सिंह वहां पहुंचा और उसे गालियां देने लगा। विरोध करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान राम सिंह घर के अंदर गया और तलवार लेकर वापस आया तथा पीछे से अर्जुन पर हमला कर दिया, जिससे उसके हाथ में गंभीर चोट लग गई।
परिजनों ने किया बीच-बचाव
घटना के दौरान परिजनों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला और घायल अर्जुन को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों के अनुसार, घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा आरोपी की तलाश की जा रही है।