चित्तौड़गढ़। केन्द्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की जयपुर सेल ने जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.556 किलोग्राम अवैध अफीम जब्त की है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।
जानकारी के अनुसार, टीम ने निम्बाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे की सर्विस रोड पर मड्डा सर्कल के पास एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका। तलाशी के दौरान उसके पास से बैग में छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
अधिकारियों को पहले से ही सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति बाइक के जरिए अफीम की तस्करी करने वाला है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए सीबीएन जयपुर सेल की टीम ने मौके पर निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध की पहचान कर उसे रोक लिया।
बैग से बरामद हुई अफीम
तलाशी के दौरान बाइक पर रखे बैग में पॉलीथीन के अंदर छिपाकर रखी गई कुल 3.556 किलोग्राम अफीम बरामद की गई, जिसे अवैध रूप से ले जाया जा रहा था।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
कार्रवाई के बाद टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया तथा अफीम और बाइक को जब्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।