मंदसौर। भानपुरा थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करते हुए अफीम की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने 2005 ग्राम अफीम (कीमत करीब 4 लाख रुपये) के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर सूचना के आधार पर 30 मार्च 2026 को भानपुरा-झालावाड़ रोड स्थित भगवानपुरा के पास पुलिस टीम ने एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (RJ 33 SG 6793) को रोका। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 2005 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। साथ ही मोटरसाइकिल (कीमत करीब 40 हजार रुपये) को भी जब्त किया गया।
मामले में आरोपी लोकेश प्रजापति निवासी ग्राम भोलु, थाना चेचट जिला कोटा (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अफीम रामरतन किरार से लाना बताया, जिसे भी मामले में नामजद किया गया है और उसकी तलाश जारी है।
यह कार्रवाई पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता कुरिल एवं एसडीओपी विजय कुमार यादव के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी रमेशचंद दांगी के नेतृत्व में टीम ने यह सफलता हासिल की।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क और स्रोतों की जांच में जुटी हुई है।