नीमच। एक महिला ने अपने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। महिला ने आवेदन देकर सास और जेठों द्वारा लगातार मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना किए जाने की शिकायत की है।
आवेदन के अनुसार, पीड़िता का विवाह करीब एक वर्ष पूर्व नीमच में हुआ था। विवाह के बाद से ही सास व जेठों द्वारा गाली-गलौज और मारपीट की जाती रही। महिला ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष ने घर का सामान बेच दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पीड़िता ने यह भी बताया कि उसके पति की तबीयत खराब होने के दौरान सास और जेठों ने घर का ताला तोड़कर सामान बेच दिया और उसे घर में प्रवेश नहीं करने दिया। साथ ही तांत्रिक क्रियाएं कर डराने-धमकाने के भी आरोप लगाए गए हैं।
घटना से परेशान होकर महिला ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपते हुए सास और जेठों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।