नीमच। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, बढ़ती महंगाई और किसानों की अनदेखी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी नीमच के नेतृत्व में सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नीमच शहर, नीमच ग्रामीण एवं जीरन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बिजली बिलों और गैस सिलेंडर के बढ़े दाम वापस लेने, ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों को मुआवजा देने, सहकारी बैंकों के कृषि ऋण जमा करने की समय-सीमा बढ़ाने, मनासा के खिमला स्थित ग्रीनको प्लांट में अव्यवस्थाओं एवं मजदूरों की मौतों की जांच कराने तथा नीमच-चीताखेड़ा-जीरन सड़क मार्ग का निर्माण शीघ्र शुरू करने की मांग की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि वर्तमान नीतियां केवल चुनिंदा पूंजीपतियों को लाभ पहुंचा रही हैं। उन्होंने कहा कि बिजली बिलों में हुई भारी वृद्धि ने आम जनता की कमर तोड़ दी है, जिसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए। साथ ही गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों और कमी से भी जनता परेशान है।
बाहेती ने पालसोड़ा-भंवरासा क्षेत्र में ओलावृष्टि से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे में देरी पर भी नाराजगी जताई। इसके अलावा उन्होंने खिमला स्थित ग्रीनको प्लांट में हुई मजदूरों की मौतों पर दुख व्यक्त करते हुए निष्पक्ष जांच और मृतक श्रमिकों के परिवारों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही नीमच-चीताखेड़ा-जीरन सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू करने की मांग दोहराई।
इस दौरान पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल चौरसिया सहित कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में उग्र आंदोलन किया जाएगा।