मंदसौर। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 40 क्विंटल अवैध खैर की लकड़ी से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (गरौठ) हेमलता कुरील के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी की टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से सूचना मिली थी कि उज्जैन-गरौठ फोरलेन मार्ग से लकड़ी की तस्करी की जा रही है।
सूचना पर पुलिस ने तत्काल नाकाबंदी कर बोलेरो पिकअप (MP 12 GA 2146) को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में बड़ी मात्रा में खैर की लकड़ी मिली, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पकड़े गए आरोपी की पहचान अरबाज उर्फ अब्बू (21), निवासी अर्जुन नगर कॉलोनी, आगर (जिला आगर मालवा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ पूर्व में विभिन्न थानों में कई प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने जब्त लकड़ी व वाहन सहित आरोपी को अग्रिम कार्रवाई के लिए वन विभाग, वृत्त गरौठ को सौंप दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी रविन्द्र प्रताप डांगी, आरक्षक विशाल सिंह, आरक्षक चालक सुल्तान मोहम्मद सहित टीम की सराहनीय भूमिका रही।