मंदसौर। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारायणगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अंतरजिला तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम एमडी (मादक पदार्थ) एवं 200 ग्राम अफीम जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (मल्हारगढ़) कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उनि भारत भाबर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को चौकी प्रभारी बुढ़ा उनि विकास गेहलोत ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए नारायणगढ़-पिपलिया मंडी रोड स्थित बालाजी मंदिर के पास बादरी फंटे पर नाकाबंदी की। इस दौरान दो संदिग्ध युवकों को पकड़कर तलाशी ली गई, जिनके पास से अवैध मादक पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों में रेहान खान (19 वर्ष) पिता अकबर खान एवं रेहान उर्फ मुनीर (24 वर्ष) पिता अमजद शाह, दोनों निवासी शाहीबाग कॉलोनी, खजराना थाना, इंदौर शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 ग्राम एमडी (कीमत लगभग 3 लाख रुपये), 200 ग्राम अफीम (कीमत लगभग 2 लाख रुपये) तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन (कीमत करीब 15 हजार रुपये) जब्त किया है।
आरोपियों के विरुद्ध थाना नारायणगढ़ में अपराध क्रमांक 72/26 के तहत धारा 8/18, 22 एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना नारायणगढ़ पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।