चित्तौड़गढ़। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 47 किलो 813 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह, वृताधिकारी बद्रीलाल एवं थानाधिकारी राम सुमेर मीणा के निर्देशन में टीम गठित की गई थी।
गश्त के दौरान बस स्टैंड निंबाहेड़ा पर एक संदिग्ध व्यक्ति को डिटेन किया गया, जिसके पास चार बैग मिले। पूछताछ में उसने अपना नाम राजविंदर सिंह (32), निवासी हनुमानगढ़ बताया। तलाशी लेने पर चारों बैगों में कुल 47 किलो 813 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ।
आरोपी के दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर पर दें।