मंदसौर। पुलिस के ‘ऑपरेशन फेस’ अभियान के तहत सिम कार्ड फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है। एक शातिर आरोपी ने अपने ही चेहरे का उपयोग कर अलग-अलग नामों और फर्जी दस्तावेजों के जरिए 11 सिम कार्ड हासिल कर लिए।

जांच में सामने आया कि आरोपी ने आनंद, मोहम्मद सगीर और सतनाम सिंह सहित विभिन्न नामों से फर्जी दस्तावेज तैयार कर आइडिया कंपनी की सिम ली थीं। वायडी नगर थाना प्रभारी शिवांशु मालवीय के अनुसार आरोपी की पहचान शाजापुर निवासी भानुप्रताप सिंह मेवाड़ा के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार रीवा और देवास के बाद प्रदेश में इस तरह का यह तीसरा बड़ा मामला है। आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही उन दुकानदारों की भी सूची तैयार की जा रही है, जिन्होंने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर सिम जारी करने में आरोपी की मदद की थी।
