शामगढ़ (गरोठ)। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां एक पत्नी ने अपने ही पति की हत्या का प्रयास किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

थाना प्रभारी रविंद्र प्रताप डांगी के नेतृत्व में पुलिस को इस मामले में सफलता मिली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी सूरज सिंह (19) निवासी ग्राम विशन्या ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी दो वर्ष पूर्व मनीषा बाई से हुई थी।

घटना 31 मार्च की रात करीब 1.30 बजे की है। आरोप है कि पत्नी ने खाने में नशीला पदार्थ मिलाकर पति को बेहोश कर दिया। इसके बाद उसके हाथ-पैर बांधकर कपड़ा काटने वाली कैंची से गर्दन, छाती और पीठ पर कई वार किए।

होश आने पर घायल सूरज ने किसी तरह दरवाजा खटखटाया, जिससे परिजन मौके पर पहुंचे और उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है।
