प्रतापगढ़। प्रतापगढ़ क्षेत्र के युवा उद्यमी एवं यूके में भारतीय छात्रसंघ (NISAU) के अध्यक्ष मोहनीश बोराना ने देश के शीर्ष उद्यमियों में अपनी जगह बनाई है। उनके नवाचार का चयन एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन 5.0 में हुआ है। यह उपलब्धि उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिला रही है।
एमएसएमई आइडिया हैकाथॉन भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय द्वारा आयोजित एक प्रमुख नवाचार कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य शोधकर्ताओं और उद्यमियों को नए व्यावसायिक विचारों के लिए सरकारी अनुदान एवं प्रोत्साहन प्रदान करना है। यह कार्यक्रम स्टार्टअप्स के नवाचार को बढ़ावा देने और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य से जोड़ने के लिए आयोजित किया जाता है। इसके पिछले संस्करण में 29,237 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से 488 चयनित किए गए थे। हाल ही में मोहनीश बोराना का चयन गुजरात सरकार की प्रतिष्ठित ‘आत्मनिर्भर गुजरात फेलोशिप’ के लिए भी हुआ है। यह फेलोशिप विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, गुजरात सरकार द्वारा प्रदान की जाती है।
डीप-टेक के माध्यम से सौंदर्य उद्योग में नवाचार
मोहनीश अपनी टीम के साथ मिलकर ब्यूटी और पर्सनल केयर उद्योग में डीप-टेक तकनीकों जैसे बायोटेक और नैनोटेक के माध्यम से क्रांतिकारी बदलाव लाने पर कार्य कर रहे हैं। उनका उद्देश्य सौंदर्य प्रसाधनों को रसायन-मुक्त और पूर्णतः प्राकृतिक बनाना है। इस परियोजना को भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT), वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय का सहयोग प्राप्त है।
भारत और ब्रिटेन में उल्लेखनीय उपलब्धियां
मोहनीश पूर्व में भारत सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के साथ प्रधानमंत्री विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं नवाचार परिषद (PM-STIAC) के विभिन्न मिशनों पर कार्य कर चुके हैं। उन्होंने एडिनबर्ग विश्वविद्यालय, स्कॉटलैंड से बायोनैनो टेक्नोलॉजी में शोध कार्य पूर्ण किया है तथा ब्रिटिश सिविल सर्विस में भी उनका चयन हुआ है।
वैश्विक स्तर पर नेतृत्व और योगदान
वह यूके में ‘नेशनल इंडियन स्टूडेंट्स एंड एलुमनी यूनियन’ (NISAU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उन्होंने वहां ‘फेयर वीजा, फेयर चांस’ जैसे अभियानों का नेतृत्व किया तथा कोविड महामारी के दौरान ‘वंदे भारत मिशन’ में हजारों भारतीय छात्रों की स्वदेश वापसी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ब्रिटेन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति वाले वैश्विक मंचों पर भी भारत और प्रतापगढ़ का नाम रोशन किया है।
जैव विविधता पर आधारित नवाचार-
मोहनीश प्रतापगढ़ क्षेत्र की जैव विविधता को वैज्ञानिक रूप से वैश्विक स्तर पर ले जाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं। उनके नवाचार का उद्देश्य स्थानीय जैव विविधता पर आधारित नए प्राकृतिक और वैज्ञानिक सौंदर्य प्रसाधनों का विकास करना है। इस पहल को राज्य के राजस्व मंत्री हेमंत मीणा का भी समर्थन प्राप्त है।