नीमच। जिले के ग्राम पड़दा में एक युवती से छेड़छाड़ की घटना के बाद गुरुवार को गांव में तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार, एक व्यक्ति द्वारा सोनी समाज की एक युवती के साथ कथित छेड़छाड़ की गई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस दौरान कुछ स्थानों पर आगजनी की घटना की भी सूचना सामने आई है, हालांकि पुलिस द्वारा स्थिति को संभालते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस प्रशासन द्वारा गांव में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है तथा हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। मामले में पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और घटना की जांच जारी है।