चित्तौड़गढ़। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक ईको वैन से 40 किलो 20 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के निर्देशन में थाना प्रभारी राम सुमेर मीणा के सुपरविजन में टीम गठित की गई।

पुलिस टीम द्वारा बुधवार को जलिया चेक पोस्ट पर आकस्मिक नाकाबंदी की गई। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रही एक ईको वैन को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन वाहन में सवार व्यक्तियों ने नाकाबंदी तोड़कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रुकवाकर तीनों आरोपियों को डिटेन किया।

तलाशी लेने पर वाहन में रखे दो प्लास्टिक कट्टों में कुल 40 किलो 20 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में महावीर पुत्र रामरतन गुर्जर निवासी बचखेड़ा थाना शाहपुरा जिला भीलवाड़ा, दिलखुश पुत्र जगदेव गुर्जर (22) निवासी बोरड़ा थाना पारोली जिला भीलवाड़ा तथा हेमराज पुत्र चावंड गुर्जर (20) निवासी बोरड़ा थाना पारोली जिला भीलवाड़ा शामिल हैं। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस की अपील-
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
