मंदसौर। शामगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 किलो 245 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त अफीम की कीमत लगभग 2 लाख 49 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में प्रधान सिंह, भगवान सिंह उर्फ बबलू सिंह एवं दिलीप सिंह शामिल हैं। इनमें से प्रधान सिंह ग्राम सुरजना में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का मुख्य आरोपी है, जो लंबे समय से फरार चल रहा था।

मुखबिर सूचना पर की गई कार्रवाई-
थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर रेलवे ग्राउंड शामगढ़ के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से प्लास्टिक की थैली में रखी अफीम बरामद की गई।

एमडी ड्रग्स फैक्ट्री से जुड़ा मामला-
जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रधान सिंह द्वारा सप्लाई किए गए केमिकल से ही ग्राम सुरजना में पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री में 12 किलो 610 ग्राम मादक मिश्रण एवं 102 ग्राम एमडी तैयार की गई थी। पुलिस आरोपी से इस मामले में शामिल अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी-
पुलिस के अनुसार प्रधान सिंह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ अन्य थानों में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामले दर्ज हैं। वह एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में घटना के बाद से फरार था।

एनडीपीएस एक्ट में प्रकरण दर्ज-
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कपिल सौराष्ट्रीय, उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप डांगी सहित पुलिस टीम की विशेष भूमिका रही।
