मंदसौर। जिले के गुर्जरबर्डिया गांव के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय मेडिकल संचालक पंकज पाटीदार की मौत हो गई। वह पिपलिया मंडी थाना क्षेत्र के ग्राम देवरी निवासी थे और शहर के गोल चौराहा क्षेत्र में मेडिकल दुकान संचालित करते थे।

जानकारी के अनुसार, पंकज शुक्रवार शाम अपनी दुकान से एक शादी समारोह में शामिल होने ग्राम डिगाव गए थे। रात करीब 10 बजे लौटते समय गुर्जरबर्डिया के पास उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।

घटना में पंकज गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर पड़े रहे। कुछ देर बाद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर छा गई। पंकज अपने पिता देवीलाल के इकलौते पुत्र थे। परिजनों के अनुसार, देवीलाल ने उन्हें अपने बड़े भाई से गोद लेकर पाल-पोसकर बड़ा किया था। फिलहाल शव जिला चिकित्सालय में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है।
