मंदसौर। जिले के सीतामऊ क्षेत्र में जमीन और रास्ते के विवाद को लेकर शनिवार को मारपीट की घटना सामने आई। ग्राम सालरिया निवासी 35 वर्षीय मुकेश पिता भंवरलाल खारोल ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

पीड़ित मुकेश के अनुसार, वह पिछले करीब 20 वर्षों से अपनी सास की जमीन पर खेती कर रहा है। इसी जमीन को लेकर उसके साले भैरूलाल पिता मांगीलाल से लंबे समय से विवाद चल रहा है, जिसने कथित रूप से जमीन पर कब्जा कर लिया है।

मुकेश ने बताया कि शनिवार को वह घर लौट रहा था, तभी रास्ते में खड़ी बाइक हटाने को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान भैरूलाल वहां पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए लाठी से हमला कर दिया।

हाथ, सिर और पीठ पर आई चोटें
हमले में मुकेश के सिर, बाएं हाथ और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे पड़ोसी नागुसिंह ने बीच-बचाव कर उसे छुड़ाया। आरोप है कि आरोपी जाते समय जान से मारने की धमकी भी देकर गया। घायल मुकेश को उपचार के लिए मंदसौर जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित ने आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की है।
