नीमच। केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन) की मध्य प्रदेश यूनिट ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मनासा-पिपलिया मंडी मार्ग पर करीब 2 किलो अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो साथी मौके से फरार हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सीबीएन को सूचना मिली थी कि मनासा क्षेत्र का एक तस्कर अपने साथियों के साथ अफीम की खेप लेकर लोढ़किया-रूपावास मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए नीमच टीम ने गुरुवार दोपहर क्षेत्र में घेराबंदी की।

संदिग्धों के पहुंचते ही टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन दो आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। वहीं एक आरोपी को खेतों की ओर भागते समय पीछा कर गिरफ्तार कर लिया गया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास मौजूद कपड़े के बैग से प्लास्टिक थैली में छिपाकर रखी गई 1.936 किलोग्राम अफीम बरामद हुई। सीबीएन ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस फरार आरोपियों और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
