मंदसौर। जिले के दलौदा थाना पुलिस ने शनिवार को मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आईपीएल (दिल्ली बनाम मुंबई) मैच पर सट्टा लगाते दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 9,200 रुपए नकद, 2 मोबाइल फोन तथा लगभग 1.50 लाख रुपए के सट्टे का हिसाब-किताब जब्त किया है। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

दिल्ली बनाम मुंबई मैच पर चल रहा था सट्टा-
एसपी विनोद कुमार मीणा के निर्देशन एवं दलौदा थाना प्रभारी शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना क्षेत्र में दबिश दी। मौके पर दो व्यक्ति आईपीएल के दिल्ली बनाम मुंबई मैच पर हार-जीत का सट्टा लगाते पाए गए, जिन्हें पुलिस ने तत्काल गिरफ्तार कर लिया।

9,200 नकद व 1.50 लाख का हिसाब-किताब बरामद
पुलिस ने आरोपियों की पहचान ईश्वर पिता रामेश्वर एवं मुकेश पिता गोपाल परिहार के रूप में की है। इनके कब्जे से सट्टे में उपयोग किए जा रहे दो मोबाइल फोन, 9,200 रुपए नकद तथा लगभग डेढ़ लाख रुपए के लेन-देन का हिसाब-किताब बरामद किया गया है।

प्रदेशव्यापी अभियान के तहत कार्रवाई जारी-
यह कार्रवाई मध्य प्रदेश पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रदेशव्यापी अभियान का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य जुआ, सट्टा एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
