मंदसौर। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज एमडी ड्रग्स तस्करी के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा नशे के सौदागरों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक टी.एस. सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

घटना का विवरण-
जानकारी के अनुसार, 1 फरवरी 2026 को कोतवाली पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी गुलशेर खान पठान (निवासी प्रतापगढ़, राजस्थान) एवं नंदकिशोर उर्फ नंदू पाटीदार (निवासी मंदसौर) को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 1 किलो 500 ग्राम एमडी ड्रग्स (अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये), डोडाचूरा एवं दो मोटरसाइकिल जब्त की गई थीं। इस मामले में कुल 1 करोड़ 51 लाख 22 हजार रुपये का मशरूका जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया।

फरार आरोपी गुजरात से गिरफ्तार-
जांच के दौरान पुलिस ने तस्करी की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए पहले आरोपी अजय सिंह शक्तावत (निवासी सेमलिया हीरा, मंदसौर) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि मादक पदार्थ गुजरात निवासी आरोपी को सप्लाई किया जाना था। इसके आधार पर पुलिस टीम को गुजरात भेजा गया, जहां से आरोपी गोविंदभाई छगनलाल कोडी पटेल (निवासी सुरेन्द्रनगर, गुजरात) को गिरफ्तार किया गया।

सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर, उपनिरीक्षक कल्याण सिंह चरेल, प्रधान आरक्षक विनोद नामदेव, आरक्षक भारत बैरागी, हरीश राठौर, भानुप्रताप सिंह एवं नरेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच जारी है और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
