चित्तौड़गढ़। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में चार वर्षों से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई विशेष अभियान ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत की गई।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी निंबाहेड़ा बद्रीलाल के सुपरविजन में थाना प्रभारी रामसुमेर मीणा के नेतृत्व में टीम का गठन कर कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने जोधपुर जिले के बिलाड़ा थाना क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी राजू पुत्र नारायणराम सिरवी, निवासी बाला, तहसील बिलाड़ा को डिटेन किया। आरोपी वर्ष 2022 में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण में वांछित था तथा उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मादक पदार्थ तस्करी में उसकी भूमिका को लेकर विस्तृत जांच जारी है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
