चित्तौड़गढ़। जिले की गंगरार थाना पुलिस ने ऑपरेशन ‘त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के मामले में एक वर्ष से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी बदमाश को सीकर से गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

कार्रवाई एएसपी सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी गंगरार शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में की गई। थानाधिकारी श्यामाराम के नेतृत्व में कांस्टेबल बाबूलाल एवं सुनील कुमार सहित टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में पिछले एक वर्ष से फरार आरोपी चंपाराम (31), निवासी चावण्डिया, थाना पांचोड़ी, जिला नागौर की तलाश में नागौर, कुचामन सिटी, मकराना और लोसल क्षेत्रों में दबिश दी। अंततः आरोपी को सीकर से डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों के संबंध में अनुसंधान जारी है।

पुलिस की अपील-
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचना दें।
