मंदसौर। मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत थाना दलौदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अपहृत नाबालिग बालिका को गुजरात बॉर्डर से सकुशल बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीणा के निर्देश पर जिले में गुम नाबालिग बालक-बालिकाओं की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी ग्रामीण कीर्ति बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी शुभम व्यास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गुजरात बॉर्डर से मिली सफलता-
जानकारी के अनुसार 27 मार्च 2026 को एक नाबालिग बालिका के अपहरण की रिपोर्ट थाना दलौदा में दर्ज कराई गई थी। प्रकरण दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और विभिन्न स्थानों पर तलाश की गई।
पुलिस टीम ने मुखबिरों और परिजनों की मदद से सूचना जुटाकर गुजरात बॉर्डर के पास ग्राम पिटोल, जिला झाबुआ से बालिका को आरोपी अनिल (निवासी भीम फलिया, जिला झाबुआ) के कब्जे से बरामद किया। बालिका को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शुभम व्यास, एएसआई तेजसिंह डामोर, आरक्षक परिमाल सिंह, महिला आरक्षक राखी गुर्जर तथा साइबर सेल के मुजफ्फर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।