नीमच। आईपीएल सट्टा कारोबार के खिलाफ मनासा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को की गई कार्रवाई में पुलिस ने सट्टा गिरोह के मुख्य सरगना कमल सिंधवानी को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद गिरोह में हड़कंप मच गया है और कई गुर्गे फरार हो गए हैं।

गौरतलब है कि वॉइस ऑफ एमपी ने पूर्व में ही अपनी खबर के माध्यम से पुलिस प्रशासन को आगाह किया था कि आईपीएल मैचों की शुरुआत के साथ ही नगर में सटोरियों की सक्रियता बढ़ गई है।

सायबर तकनीक से खुला नेटवर्क-
थाना प्रभारी निलेश अवस्थी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सायबर तकनीक की मदद से सट्टा नेटवर्क का खुलासा किया। कार्रवाई के दौरान सट्टा आईडी सप्लायर राकेश कुशवाह उर्फ ठाकुर अपने घर पर ताला लगाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

करोड़ों के लेन-देन के संकेत-
पुलिस सूत्रों के अनुसार गिरोह से जुड़े करोड़ों रुपये के लेन-देन के अहम सुराग मिले हैं। मामले की जांच में सायबर एक्सपर्ट टीम भी जुटी हुई है और नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

लगातार दबिश जारी-
मनासा क्षेत्र में इस कार्रवाई के बाद सट्टा कारोबार से जुड़े लोगों में भय का माहौल है। पुलिस द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है और पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में कार्रवाई जारी है।
