गरोठ। थाना गरोठ पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ एमडी के निर्माण की सूचना पर ग्राम सुरजना में कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध क्रमांक 50/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में 8 अप्रैल 2026 को वांछित आरोपी प्रधान सिंह को पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी प्रधान सिंह ने सह-आरोपी दीपक को एमडी ड्रग्स बनाने के लिए प्री-मिक्स्ड केमिकल और लिक्विड उपलब्ध कराया था। यह केमिकल अन्य सहयोगी आरोपी हुकम उर्फ होकम सिंह एवं फूल सिंह द्वारा उपलब्ध कराया गया था। पूछताछ में प्रधान सिंह ने स्वीकार किया कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों- निजी घर, खेत और कुएं के पास एमडी का निर्माण करता था।

पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि आरोपियों को शरण देने, छुपाने या किसी भी प्रकार से मदद करने वालों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सिंथेटिक ड्रग्स के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति-
पुलिस ने स्पष्ट किया कि एमडी जैसे सिंथेटिक ड्रग्स युवाओं के लिए बेहद घातक हैं। यह नशा नहीं, बल्कि जहर है, जो कुछ ही वर्षों में व्यक्ति को शारीरिक रूप से कमजोर कर देता है और जीवन को बर्बाद कर देता है। पुलिस प्रशासन ने अपील की है कि ऐसे मादक पदार्थों के निर्माण, परिवहन या बिक्री में संलिप्त लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि इस अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सके।
