चित्तौड़गढ़। कोतवाली निंबाहेड़ा थाना पुलिस ने आर्म्स एक्ट के एक मामले में पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे अंतर्राज्यीय आरोपी असलम उर्फ लाला को मध्यप्रदेश के जावरा क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि स्थायी वारंटी, भगोड़े एवं वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं डीएसपी बद्रीलाल राव के मार्गदर्शन में आरपीएस प्रोबेशनर मुकेश चौधरी व थाना प्रभारी रामसुमेर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

8 अप्रैल 2026 को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी असलम उर्फ लाला, जो आर्म्स एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार था, कचनारा-दलौदा क्षेत्र में आने वाला है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और साइबर सेल व चौकी कचनारा पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी असलम उर्फ लाला (पिता रफीक खान), निवासी नया बाजार, थाना निंबाहेड़ा (चित्तौड़गढ़), हाल निवासी जावरा (रतलाम, मध्यप्रदेश) है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जारी है।
