नीमच। जिले के रावतखेड़ा फंटे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां और 5 वर्षीय भांजी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अड़मालिया निवासी 42 वर्षीय राजेंद्र कुमार नायक उर्फ राजू पिता हजारीलाल नायक अपनी मां और भांजी के साथ मोटरसाइकिल से रावण रूंडी एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। सुबह करीब 9 बजे रावतखेड़ा फंटे के पास उनकी बाइक को तेज रफ्तार नेक्सन कार क्रमांक एमपी 13 एएल 0950 ने टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र नायक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घायल मां और मासूम बच्ची को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दोनों का उपचार जारी है। परिजनों के अनुसार महिला की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें उदयपुर रेफर किए जाने की संभावना है।

घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मृतक का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया जाएगा। इस हृदयविदारक हादसे से क्षेत्र में शोक की लहर है। खुशियों के मौके पर जा रहा एक परिवार पलभर में मातम में बदल गया।
