चित्तौड़गढ़। गंगरार थाना पुलिस ने ‘ऑपरेशन त्रिनेत्र’ के तहत कार्रवाई करते हुए 1 किलो 10 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस, उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देशानुसार मादक पदार्थों की तस्करी पर रोकथाम हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के निर्देशन एवं डीएसपी शिवप्रकाश टेलर के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम 11 अप्रैल को एनएच-48 पर गश्त व चेकिंग कर रही थी। इस दौरान असाही ग्लास फैक्ट्री के पास एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे टीम ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मुकेश कुमार (33) पुत्र सदासुख जाट, निवासी अजीतमाना, जिला बीकानेर बताया।

तलाशी के दौरान उसके पास से कपड़े की थैली में 1 किलो 10 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसे जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब अफीम के स्रोत एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में जांच कर रही है।

टीम की भूमिका सराहनीय
इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्यामाराम, एएसआई शिवलाल, हेड कांस्टेबल युवराज सिंह, कांस्टेबल श्योपत, भंभुराम और रामप्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस की अपील
जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाने, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।
