मंदसौर। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित शुक्ला चौक में मामूली विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां घूरकर देखने की बात पर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 21 वर्षीय साहिल पिता अय्यूब शाह, निवासी मदारपुरा के रूप में हुई है। वहीं हमले में उसका साथी रहीम पिता मुन्ना शाह भी घायल हुआ है, जिसका इलाज जारी है।

चाय की दुकान पर हुआ विवाद-
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब 8 बजे साहिल अपने दोस्तों के साथ शुक्ला चौक स्थित एक चाय की दुकान पर बैठा था। इसी दौरान अमन शाह नामक युवक बाइक से वहां पहुंचा और घूरकर देखने की बात को लेकर विवाद करने लगा। देखते ही देखते आरोपी ने साहिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि साहिल संभल नहीं पाया। आरोपी ने उसके सीने पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बीच-बचाव करने आए रहीम पर भी आरोपी ने हमला कर दिया।

अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत-
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने साहिल को मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, सीने पर गहरे घाव और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौत हुई। रहीम की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

घर से निकला था, कुछ घंटों में पहुंची मौत की खबर-
परिजनों के अनुसार, साहिल शाम करीब 6.30 बजे घर से निकला था और जल्द लौटने की बात कही थी। लेकिन कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत की खबर घर पहुंच गई। मृतक की तीन महीने पहले ही शादी हुई थी, जिससे परिवार में गहरा शोक व्याप्त है।

आरोपी फरार, तलाश जारी-
कोतवाली पुलिस के अनुसार, घटना के बाद आरोपी अमन शाह पिता आमीन शाह मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि विवाद केवल घूरकर देखने को लेकर था या इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश भी है।
