चित्तौड़गढ़। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत सदर निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से भारी मात्रा में अवैध डोडाचूरा बरामद किया है। पुलिस ने ट्रक से कुल 20 क्विंटल 26 किलो 760 ग्राम (2026 किलो 760 ग्राम) डोडाचूरा जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, तस्कर पशु आहार की आड़ में मादक पदार्थों की बड़ी खेप परिवहन कर रहा था। पुलिस ने सतर्कता और तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया तथा ट्रक को जब्त कर लिया।

जिला पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम हेतु विशेष अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” चलाया जा रहा है। इसी के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह के मार्गदर्शन तथा डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी संजय शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा सोमवार को थाने के सामने वंडर पुलिया के पास हाईवे पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान नीमच की ओर से आ रहे एक टाटा ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया।

तलाशी के दौरान ट्रक में पशु आहार के कट्टों के नीचे 101 कट्टों में डोडाचूरा छिपाकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ सरजीत सिंह (50), निवासी जिला तरणतारण, पंजाब को गिरफ्तार किया गया। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थ तस्करी के मामलों में जेल जा चुका है और एक आदतन अपराधी बताया जा रहा है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने मध्य प्रदेश से पंजाब तक तस्करी की बात स्वीकार की है।

पुलिस ने बरामद डोडाचूरा की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये आंकी है। यह कार्रवाई हाल के दिनों में राजस्थान में डोडाचूरा की सबसे बड़ी बरामदगियों में से एक मानी जा रही है।
कार्रवाई में थानाधिकारी संजय शर्मा, एएसआई सुंदरपाल, कांस्टेबल जीवनलाल, श्यामलाल, दयाराम, ओपीलाराम, शिवकुमार एवं चालक सुरेश कुमार सहित पुलिस टीम शामिल रही।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नारकोटिक्स हेल्पलाइन नंबर पर दें।
