मंदसौर। जिले के नई आबादी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम उदपुरा में सोमवार रात एक 35 वर्षीय ट्रैक्टर चालक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विकास प्रताप पिता बापूलाल मीणा के रूप में हुई है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार विकास मीणा लंबे समय से शराब का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर में विवाद करता था। सोमवार रात भी वह शराब के नशे में घर पहुंचा और परिवारजनों से विवाद करने के साथ तोड़फोड़ करने लगा।

कुछ देर बाद वह कमरे में गया और पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर छत के पंखे से लटक गया। जब परिजनों ने देखा तो वह फंदे पर लटका हुआ था। उसे तुरंत नीचे उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच-
घटना की सूचना मिलते ही नई आबादी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।
