नीमच। पुलिस थाना नीमच कैंट एवं साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 1 लाख 1 हजार रुपये नकद एवं लाखों रुपये का सट्टा हिसाब जब्त किया है।

पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देश पर जिले में सट्टा, जुआ एवं आईपीएल के दौरान बढ़ती अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नीमच कैंट निरीक्षक सौरभ शर्मा एवं साइबर सेल प्रभारी प्रदीप शिंदे के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

दिनांक 13 अप्रैल 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि सतगुरु बेकरी के पीछे स्थित मैदान में कुछ लोग मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा संचालित कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में मनीष गुर्जर (24) निवासी हवाई पट्टी रोड, हिमांशु सुंगधी (27) निवासी जवाहर नगर एवं यश सांवरिया (21) निवासी अमर कॉलोनी बघाना शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन आईडी के माध्यम से लोगों को विभिन्न खेलों में पैसे लगवाकर अधिक लाभ का लालच देते थे और इस प्रकार अवैध कमाई कर रहे थे।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है, साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य फरार आरोपियों की तलाश भी जारी है। उक्त कार्रवाई में थाना नीमच कैंट, साइबर सेल एवं विशेष पुलिस टीम की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
