मंदसौर। शहर कोतवाली पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 दिन पूर्व अपहृत नाबालिग बालिका को सकुशल दस्तयाब कर लिया है। मामले में एक अपचारी बालक को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर अपहृत बालिकाओं की तलाश हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेर सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह भास्कर के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह सफलता हासिल की।

पुलिस के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 को खानपुरा निवासी फरियादी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी 15 वर्षीय पुत्री को अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर ले गया है। इस पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 245/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 14 अप्रैल को बालिका को दस्तयाब कर लिया तथा उसे एक अपचारी बालक के कब्जे से मुक्त कराया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
