चित्तौड़गढ़। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लूट के मामले में पिछले 5 वर्षों से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि स्थाई वारंटी/भगोड़े/उद्घोषित अपराधी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत एएसपी सरिता सिंह एवं डीएसपी बद्री लाल राव के नेतृत्व में मुकेश चौधरी (आरपीएस प्रोबेशनर) तथा रामसुमेर (थानाधिकारी कोतवाली निंबाहेड़ा) के निर्देशन में विशेष टीम का गठन किया गया।
मंगलवार को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि नूर मोहम्मद उर्फ राजू, जो लूट के मामले में फरार चल रहा है, कुंभलगढ़ (राजसमंद) में मजदूरी करता है और आज नपावली आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम नपावली पहुंची।
पुलिस ने साइबर सेल की सहायता से आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नूर मोहम्मद पिता मुमताज खान, निवासी वामनगर थाना निंबाहेड़ा, जिला चित्तौड़गढ़ (हाल निवासी नपावली, थाना निकुंभ) के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ की जा रही है।