मंदसौर। जनपद पंचायत मल्हारगढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत सेमली में ग्राम सभा के दौरान विवाद का मामला सामने आया है। ग्राम निवासी पुष्कर पिता भागीरथ मालवीय ने थाने में आवेदन देकर पूर्व सरपंच पर गाली-गलौज एवं जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 14 अप्रैल 2026 को ग्राम पंचायत भवन सेमली में ग्राम सभा का आयोजन किया गया था। इस दौरान निर्माण कार्य को लेकर चर्चा हो रही थी। आवेदक के अनुसार चर्चा के बीच पूर्व सरपंच व वर्तमान पंच प्रकाश पाटीदार द्वारा आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने आवेदन में बताया कि नए मांगलिक भवन को बनाने को लेकर हुए विवाद के दौरान अन्य ग्रामीण भी उपस्थित थे। घटना के बाद उसने थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की जाएगी।