नीमच। जिले के जीरन थाना क्षेत्र अंतर्गत चल्दू में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार 6 वर्षीय मासूम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मुकेश पिता मांगीलाल मेघवाल अपनी पत्नी कुसुम और पुत्र नक्श के साथ मोटरसाइकिल से पालसोड़ा में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। दोपहर करीब 12 बजे जैसे ही वे चल्दू पुलिया के पास पहुंचे, तभी मंदसौर की ओर से आ रही तेज रफ्तार आर्टिका कार (एमएच 39 एबी 0662) ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मासूम नक्श की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुकेश और कुसुम गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है, वहीं एक मासूम की असमय मौत से लोगों में आक्रोश भी है।
