देवरी खवासा। गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 से 1 बजे के बीच एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। अज्ञात चोरों ने गणेश पिता जगदीश चंद पाटीदार के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों का सामान पार कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोर करीब डेढ़ क्विंटल (लगभग 150 किलो) पोस्ता दाना, 10 हजार रुपए नकद, तीन जोड़ी पायजेब एवं एक जोड़ी सोने की झुमकी लेकर फरार हो गए। घटना के समय गणेश पाटीदार एवं उनकी पत्नी घर पर नहीं थे, वे गेहूं एकत्र करने के लिए बाहर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने मौका पाकर वारदात को अंजाम दिया।

घर के पास स्थित अंबे माता मंदिर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया है, जो नीली शर्ट एवं नीली पैंट पहने हुए नजर आया। पुलिस ने फुटेज के आधार पर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच की गई। फरियादी द्वारा मनासा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है।
