रतलाम। जिले के नामली थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत में एक 38 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक को दुष्कर्म के आरोप में पुलिस ने हिरासत में लिया था। बताया जा रहा है कि युवक पर उसकी 16 वर्षीय बेटी ने गंभीर आरोप लगाए थे। पूछताछ के लिए थाने लाए गए युवक की गुरुवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी विवेक कुमार लाल, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, एसडीओपी अजय सारवान एवं एफएसएल अधिकारी अतुल मित्तल सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस ने शव का पंचनामा बनाकर उसे पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। अधिकारियों के अनुसार, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।