जीरन। नीमच जिले के जीरन थाना क्षेत्र से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां ननिहाल आए एक युवक की कुएं में लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान आदित्यराज सिंह पिता दिलीप सिंह चंद्रावत, निवासी गरनाई थाना नाहरगढ़, जिला मंदसौर के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आदित्यराज गर्मियों की छुट्टियां बिताने अपने नाना गोविंद सिंह (सेवानिवृत्त लाइनमैन) के घर जीरन आया हुआ था। सोमवार, 15 अप्रैल की रात लगभग 8 बजे वह अपने दोस्तों के साथ घूमने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। जब उसका मोबाइल भी बंद मिला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, परंतु कोई सुराग नहीं मिल सका।
फिल्टर प्लांट के पास कुएं में मिला शव-
मंगलवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली कि तालाब किनारे स्थित फिल्टर प्लांट के पास एक कुएं में युवक का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही जीरन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद परिजनों ने शव की शिनाख्त आदित्यराज के रूप में की।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेज दिया है। युवक की मौत के कारणों का फिलहाल स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद मृतक के गांव गरनाई और ननिहाल जीरन में शोक का माहौल है।