शामगढ़। मंदसौर जिले के शामगढ़ थाना क्षेत्र में गुरुवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चों सहित एक पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरालाल (48) पिता कचरूलाल अपने पोते दिलीप (5) पिता विष्णु भील के साथ प्रेमबाई (42) पत्नी विष्णु एवं दिलखुश (8) पिता दिनेश भील को बर्डियापूना गांव से शामगढ़ के पास स्थित मेलखेड़ा बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे। प्रेमबाई और दिलखुश भानपुरा के निवासी हैं और वे बर्डियापूना गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे।

बताया जा रहा है कि गुरुवार देर शाम सभी लोग घर से निकले ही थे कि करीब एक किलोमीटर दूर उनकी मोटरसाइकिल को एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रेमबाई की मौके पर ही मौत हो गई।

हादसे में शामिल हुंडई वेन्यू कार (क्रमांक एमपी 44 जेडई 6999) को शामगढ़ पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

घायल मासूम दिलीप के सिर और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, जबकि दिलखुश के सिर, पैर और पीठ पर चोटें लगी हैं। वहीं पूरालाल के शरीर पर भी गंभीर चोटों के निशान हैं। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को शामगढ़ अस्पताल से जिला चिकित्सालय मंदसौर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
