नीमच। मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना जीरन पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 200 किलो अवैध डोडाचूरा जप्त किया है। कार्रवाई के दौरान बिना नंबर की सफेद रंग की कार से डोडाचूरा बरामद किया गया, जबकि तस्कर मौके से फरार हो गया।

यह कार्रवाई मुख्यमंत्री के प्रदेशव्यापी नशा विरोधी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया तथा नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महूदृनीमच रोड स्थित हर्कियाखाल पुलिस सहायता केंद्र के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान बिना नंबर की सफेद बोलेरो (भोरवलेट) कार को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने स्टॉपर को टक्कर मारकर भागने का प्रयास किया।

पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी करीब आधा किलोमीटर आगे कार को छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर खेतों की ओर फरार हो गया। वाहन की तलाशी लेने पर 08 काले प्लास्टिक के कट्टों में भरा हुआ 200 किलो डोडाचूरा बरामद हुआ।

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जब्त सामग्री में 200 किलो डोडाचूरा एवं लगभग 5 लाख रुपये कीमत की बिना नंबर की कार शामिल है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश जारी है।
