चित्तौड़गढ़। कोतवाली निम्बाहेड़ा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वांछित अपराधियों एवं अवैध हथियारों की धरपकड़ हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी सरिता सिंह एवं डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में मुकेश कुमार (आरपीएस) तथा थानाधिकारी राम सुमेर मीणा के निर्देशन में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
गुरुवार को एएसआई सूरज कुमार को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर टीम ने निम्बाहेड़ा क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक सुनील (22) पिता प्रहलाद साल्वी, निवासी गादोला, की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल एवं दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही आरोपी से हथियार की खरीद-फरोख्त के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है।