चित्तौड़गढ़। बेगूं थाना पुलिस ने ऑपरेशन “त्रिनेत्र” के तहत कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के 8 वर्ष पुराने प्रकरण में फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशानुसार मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। एएसपी रावत भगवतसिंह हिंगड़ के निर्देशन एवं डीएसपी बेगूं अंजलि सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी कमलचंद मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
वर्ष 2018 में थाना बेगूं क्षेत्र के मेनाल इलाके में एक कार से 73 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा एवं 600 ग्राम अफीम जब्त की गई थी। इस मामले में आरोपी कमलेश कुमार पिता राजूराम विश्नोई, निवासी सांतरू (जिला जालोर) मौके से फरार हो गया था। लंबे समय तक गिरफ्तारी नहीं होने पर उस पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
हाल ही में सूचना मिली कि आरोपी बीकानेर जेल में किसी अन्य मामले में बंद है। इस पर पुलिस टीम ने प्रोडक्शन वारंट के जरिए उसे बीकानेर केंद्रीय कारागृह से गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा आरोपी से मादक पदार्थ तस्करी के संबंध में पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे का अनुसंधान जारी है।
पुलिस की अपील-
जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर दें।