नीमच। आईपीएल क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा लगाने एवं लोगों को सट्टा आईडी उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को थाना नीमच केंट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवल सिंह सिसौदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार 17 अप्रैल 2026 को मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए सउनि अखिलेश घोंगडे ने श्रीराम अस्पताल के सामने स्थित मैदान के पास से आरोपी नीलेश पिता भेरूलाल आर्य (25 वर्ष), निवासी तिरुपति नगर, नीमच को गिरफ्तार किया। जांच में उसके मोबाइल से ऑनलाइन सट्टा संचालित करने से संबंधित कई वेबसाइटों की आईडी एवं लाखों रुपये के लेनदेन का रिकॉर्ड मिला।
आरोपी के पास से lotusbook247.com, gbexch9.com एवं 23exch9.com जैसी सट्टा साइटों की मास्टर आईडी पाई गईं, जिनके माध्यम से वह अन्य लोगों को सब-आईडी बनाकर सट्टा खेलने के लिए उपलब्ध कराता था। पुलिस के अनुसार आरोपी लोगों को अधिक कमाई का लालच देकर उनसे रुपये लेकर सट्टा खिलवाता था।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी को यह मास्टर आईडी उसके साथियों विजय तिवारी, हरप्रीत सलूजा उर्फ कोमल सरदार एवं मनीष पामेचा द्वारा उपलब्ध कराई गई थी। पुलिस ने इन तीनों को फरार आरोपी के रूप में चिन्हित किया है और उनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो वन प्लस कंपनी के मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन सट्टा आईडी में दर्ज करीब 16 लाख रुपये के लेनदेन का हिसाब जब्त किया है। प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, सउनि अखिलेश घोंगडे एवं थाना नीमच केंट टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।