कुकड़ेश्वर। नगर के सदर बाजार स्थित “जोधावत ब्रदर्स” नाम से प्रसिद्ध कपड़े की दुकान में 17-18 अप्रैल की मध्य रात्रि करीब 2 बजे भीषण आग लग गई, जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेज थी कि साड़ियां, पैंट-शर्ट, ब्लाउज, पेटीकोट, बेडशीट, चादर सहित अन्य कपड़ा सामग्री पूरी तरह जलकर राख हो गई।
जानकारी के अनुसार, रात्रि गश्त कर रहे पुलिसकर्मियों को दुकान के बाहर जलने की गंध महसूस हुई और शटर के नीचे से धुआं निकलता दिखाई दिया। उन्होंने तुरंत दुकान मालिक, पुलिस थाना एवं फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दुकान मालिक कैलाश जोधावत, आयुष, पियूष और रितेश जोधावत मौके पर पहुंचे। शटर खोलने पर अंदर का दृश्य भयावह था- आग विकराल रूप ले चुकी थी और चारों ओर धुआं फैला हुआ था। आग की चपेट में कपड़ों के साथ गद्दे, कारपेट और प्लाई से बना फर्नीचर भी आ गया।
आसपास के व्यापारियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर पानी की व्यवस्था कर आग बुझाने का प्रयास किया। वहीं, मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद प्रथम दृष्टया यह आशंका जताई जा रही है कि आग स्वतः नहीं लगी, बल्कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा ज्वलनशील पदार्थ डालकर आगजनी की गई है।
दुकान मालिक कैलाश जोधावत ने घटना की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराते हुए पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस जांच जारी
घटना की गंभीरता को देखते हुए कुकड़ेश्वर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। पीड़ित पक्ष ने निष्पक्ष और त्वरित जांच की मांग करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की अपील की है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।
गौरतलब है कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा यह हादसा और भी भयावह हो सकता था तथा आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने का बड़ा खतरा था।