नीमच। मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नीमच पुलिस ने दो आदतन आरोपियों के विरुद्ध पीट एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई कर उन्हें एक वर्ष के लिए केंद्रीय कारागार इंदौर निरुद्ध किया है। यह कार्रवाई अंकित जायसवाल (पुलिस अधीक्षक, नीमच) के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवलसिंह सिसोदिया एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन में की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल पिता जालम सिंह निवासी ग्राम छायन एवं अरविंद पिता मानसिंह निवासी ग्राम तलाऊ लंबे समय से मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त थे। इनकी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए पीट एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए दोनों को केंद्रीय कारागार इंदौर भेजा गया।
यह कार्रवाई 9 जनवरी 2026 को माननीय केंद्रीय गृहमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित एनकॉर्ड बैठक के निर्देशों तथा मध्यप्रदेश शासन के नशा मुक्ति अभियान (1 अप्रैल 2026 से प्रारंभ) के तहत की गई है। पुलिस द्वारा मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क पर प्रहार करते हुए दोनों आरोपियों को 1 वर्ष के लिए निरुद्ध किया गया है।
आपराधिक रिकॉर्ड-
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट एवं अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं। अरविंद पर विभिन्न थानों में अफीम तस्करी एवं अन्य अपराधों के मामले दर्ज हैं, जबकि अनिल के खिलाफ भी डोडाचूरा एवं अफीम तस्करी सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
प्रशासन का सख्त संदेश-
जिला दंडाधिकारी हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि आदतन अपराधियों एवं मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त आरोपियों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।