इंदौर। शहर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए विजयनगर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आईपीएल मैचों के दौरान हार-जीत पर लाखों रुपये का ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे थे।
सूत्रों के अनुसार पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आईडीए ग्राउंड, मंगल सिटी के सामने एक सफेद रंग की क्रेटा कार में कुछ लोग अवैध रूप से ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आकाश जिंदल (24 वर्ष), निवासी कंचन नगर, नीमच तथा प्रियांश जैन (25 वर्ष), निवासी जैन कॉलोनी, नीमच के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे आईपीएल मैचों के दौरान एक ऑनलाइन वेबसाइट के माध्यम से लॉगिन कर सट्टे के भाव तय करते थे तथा लोगों से हार-जीत पर दांव लगवाते थे। इनके पास इस गतिविधि का कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
पुलिस ने मौके से एक क्रेटा कार, लगभग 10 लाख रुपये नकद तथा 6 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये आंकी गई है।
इस मामले में पुलिस ने पब्लिक गैम्बलिंग एक्ट 1976 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस इस पूरे सट्टेबाजी नेटवर्क के अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शहर में अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और ऐसे नेटवर्क को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।