उज्जैन। महिदपुर रोड थाना क्षेत्र में पुलिस पर पथराव करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया। घटना नागदा तिराहे पर सड़क दुर्घटना के बाद भड़की भीड़ के दौरान हुई थी, जहां आक्रोशित लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया था।
17 अप्रैल को नागदा तिराहे पर सड़क हादसे के बाद ग्राम शिकारीखेड़ा के कुछ लोग आक्रोशित होकर महिदपुर रोड थाने के बाहर पहुंच गए। पुलिस द्वारा समझाइश दी जा रही थी, तभी भीड़ ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। इस हमले में थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद पुलिस ने गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई और तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में नारायण, तोफान सिंह और गीताबाई शामिल हैं, जिन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।