चित्तौड़गढ़। कपासन थाना पुलिस ने “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को अपने खेत में अवैध रूप से गांजे की खेती करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। मौके से 129 गांजा पौधे, सूखे पौधे तथा तैयार गांजा जब्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि उदयपुर रेंज में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरिता सिंह एवं डीएसपी हरजीलाल यादव के मार्गदर्शन में की गई।

थानाधिकारी मनीष शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि धनराज जटिया (निवासी उचनार खुर्द, थाना कपासन) अपने खेत में अवैध रूप से गांजा उगा रहा है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तलाशी ली, जहां खेत में 129 हरे गांजा पौधे पाए गए। इसके साथ ही कुछ पौधों को काटकर सुखाया गया था तथा तैयार गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया भी बरामद हुई।

पुलिस ने कुल 16.42 किलोग्राम हरे गांजा पौधे, 6.90 किलोग्राम सूखे पौधे तथा 71 ग्राम तैयार गांजा जब्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई है।

जिला पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मादक पदार्थ तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत निकटतम पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर 94604-25643 पर सूचित करें।
